![]()
जमुई में नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 स्थित शाहपुर मोहल्ले में खेल मैदान के सामने कचरा रिसाइक्लिंग केंद्र बनाने का विरोध शुरू हो गया है। शनिवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर प्रदर्शन किया और जेसीबी बंद कराकर काम रुकवा दिया। इस दौरान लोगों ने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। मैदान के मुख्य गेट से 10-15 मीटर दूर हो रहा निर्माण वार्ड पार्षद सीताराम साव के नेतृत्व में ग्रामीण सुबह से ही निर्माण स्थल पर जुटे थे। उनका कहना था कि खेल मैदान के सामने कचरा रिसाइक्लिंग केंद्र बनाया जाना उचित नहीं है। शुक्रवार को भी स्थानीय लोगों ने निर्माण का विरोध करते हुए केंद्र को दूसरी जगह बनाने की मांग की थी। ग्रामीणों के मुताबिक, केंद्र का निर्माण खेल मैदान के मुख्य गेट से महज 10 से 15 मीटर की दूरी पर कराया जा रहा है। मैदान के दूसरी ओर रिहायशी मकान भी हैं। लोगों को आशंका है कि केंद्र शुरू होने के बाद खिलाड़ियों और आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी होगी। दुर्गंध, धूल और शोर से प्रभावित होगा खेल का माहौल ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कचरे के प्रसंस्करण से दुर्गंध, धूल और शोर की समस्या हो सकती है। कचरा लाने वाले वाहनों की आवाजाही से भी मैदान का माहौल प्रभावित होगा। मैदान में नियमित अभ्यास करने वाले विवेक कुमार, पारस कुमार, सत्यम कुमार, शुभम कुमार, राहुल कुमार और प्रभात कुमार सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी निर्माण का विरोध किया। खिलाड़ियों का कहना था कि सरकार युवाओं को खेल के लिए प्रोत्साहित कर रही है और ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी योजनाएं चला रही है। दूसरी ओर, खेल मैदान के ठीक सामने कचरा रिसाइक्लिंग केंद्र बनाया जा रहा है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का हो चुका है आयोजन खिलाड़ियों के अनुसार, इस मैदान में कई जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। आसपास के इलाकों से भी खिलाड़ी यहां अभ्यास करने और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने आते हैं। उनका कहना है कि केंद्र बनने से मैदान का माहौल प्रभावित हुआ तो दूसरे इलाकों के खिलाड़ी यहां आने से बच सकते हैं। डीएम को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन भेजेंगे ग्रामीण निर्माण स्थल पर करीब चार घंटे तक धरना देने के बाद ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन तैयार कर जिलाधिकारी को भेजने का निर्णय लिया। आवेदन की प्रतिलिपि खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी भेजी जाएगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि खेल मैदान और रिहायशी इलाके से दूर किसी दूसरे स्थान पर कचरा रिसाइक्लिंग केंद्र का निर्माण कराया जाए।
Source link