![]()
अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने के प्रस्ताव का भागलपुर में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने स्वागत किया है। हालांकि, उनकी मांग है कि सेवा अवधि कम से कम 7 से 10 साल होनी चाहिए। इसके साथ ही अग्निवीरों को स्थायी सेवा का अवसर, सम्मान और नियमित सैनिकों जैसी सुविधाएं भी मिलनी चाहिए। इस प्रस्ताव को लेकर सैंडिस कंपाउंड मैदान में अभ्यास करने वाले युवाओं के बीच चर्चा हो रही है। यहां हर सुबह 4 से 5 बजे के बीच सेना भर्ती की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी जुटते हैं। वे दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद सहित अन्य शारीरिक परीक्षाओं का अभ्यास करते हैं। युवाओं का कहना है कि सेना में भर्ती होने के बाद प्रशिक्षण पूरा करने और सैन्य जीवन की जिम्मेदारियों को समझने में समय लगता है। कम सेवा अवधि के कारण उन्हें सेना के माहौल में पूरी तरह ढलने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। ऐसे में वे सेवा अवधि बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पूनम सोलंकी बोलीं- प्रशिक्षण में ही निकल जाता है काफी समय सेना भर्ती की तैयारी कराने वाली ट्रेनर पूनम सिंह सोलंकी का कहना है कि अग्निपथ योजना में अभी और संशोधन की जरूरत है। अग्निवीरों की सेवा अवधि कम से कम 10 साल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को भर्ती के लिए लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक तैयारी करनी पड़ती है। इसके बाद चयन और प्रशिक्षण की प्रक्रिया में भी काफी समय लग जाता है। उनके मुताबिक, जब तक कोई युवा सैन्य अनुशासन और जिम्मेदारियों के अनुरूप खुद को पूरी तरह तैयार करता है, तब तक उसकी सेवा अवधि का एक बड़ा हिस्सा बीत चुका होता है। देश की सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं को पर्याप्त समय मिलना चाहिए। अग्निवीरों को भी सामान्य सैनिकों की तरह सम्मान और सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा अवधि बढ़ने से युवाओं को भविष्य की बेहतर सुरक्षा मिलेगी। इससे सेना में भर्ती होने के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा। निश्चल कुमार बोले- भविष्य के बारे में सोचा, अब स्थायी सेवा का भी मिले मौका अग्निवीर अभ्यर्थी निश्चल कुमार ने सेवा अवधि में दो साल के विस्तार के प्रस्ताव पर खुशी जताते हुए सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह अच्छी पहल है कि सरकार अग्निवीरों के भविष्य के बारे में सोच रही है। इससे सैनिकों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें देश की सेवा के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। हालांकि, उन्होंने सेवा अवधि को बढ़ाकर 10 साल करने की मांग की। साथ ही कहा कि संभव हो तो अग्निवीरों को स्थायी सैनिक बनने का अवसर भी मिलना चाहिए। उनके मुताबिक, युवा पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ सेना में भर्ती होने की तैयारी करते हैं। वे कुछ वर्षों के लिए नहीं, बल्कि जीवनभर देश की सेवा करने का सपना लेकर मैदान में उतरते हैं। ऐसे में उनके समर्पण के साथ भविष्य की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए। युवाओं की मांग- वर्दी के साथ भविष्य की सुरक्षा भी जरूरी सैंडिस कंपाउंड में अभ्यास करने वाले युवाओं का कहना है कि सेना की नौकरी उनके लिए सिर्फ रोजगार का साधन नहीं, बल्कि सम्मान, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है। वे चाहते हैं कि अग्निवीरों को नियमित सैनिकों के समान सम्मान और बेहतर सुविधाएं मिलें। युवाओं के मुताबिक, सेवा अवधि बढ़ाने के साथ स्थायी नियुक्ति के अवसर और सामाजिक सुरक्षा पर भी सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
Source link