Newswahni

गयाजी हजार स्ट्रीट लाइटें लगेंगी नैली में बनेगी गौरक्षणी वार्डों में खुलेंगे पुस्तकालय असिस्टेंट इंजीनियर सस्पेंड बुडको के खिलाफ का आदेश…




गयाजी नगर निगम बोर्ड की बैठक में शहर में 15 हजार स्ट्रीट लाइटें लगाने और नैली में गौरक्षणी बनाने की योजना को मंजूरी दी गई। दिवाली और छठ को देखते हुए गुरुवार से तीन पालियों में सफाई अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने की। मेयर ने कहा कि शहर की सफाई और पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। विशेष सफाई अभियान के तहत रात में भी कचरा उठाया जाएगा। नैली में बनने वाली गौरक्षणी में सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को रखा जाएगा। उनके गोबर से ईंधन बनाने की भी योजना है। पार्षद व अधिकारी मौजूद रहे बैठक का संचालन सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने किया। इसमें डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार, समिति के सदस्य नैयर अहमद, धर्मेंद्र कुमार और राहुल कुमार समेत पार्षद व अधिकारी मौजूद रहे। रोज लाखों लीटर गंगाजल बर्बाद होने का मुद्दा उठा बैठक में पार्षदों ने शहर की जलापूर्ति पाइपलाइन में बार-बार हो रहे लीकेज का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बुडको की अनदेखी के कारण रोज लाखों लीटर गंगाजल बर्बाद हो रहा है। वार्ड 4, 5, 13, 15, 16, 21 और 33 समेत कई वार्डों में पाइपलाइन लीकेज की शिकायत है। बुडको के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार ने कहा कि लीकेज वाली पाइपलाइन जल्द ठीक कराई जाएगी, ताकि लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके। वहीं, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने जल पर्षद के कार्यालय अभियंता से जलापूर्ति कार्य में लगाए गए 168 कर्मियों की कार्यप्रणाली और उनके दायित्वों की जानकारी मांगी। इस पर डिप्टी मेयर चिंता देवी ने कहा कि इन कर्मियों के पास कोई विशेष काम नहीं है और सभी दंडीबाग जलापूर्ति केंद्र में बैठकर वेतन ले रहे हैं। इस मुद्दे पर सदन में नाराजगी जताई गई। सभी वार्डों में लगेंगी एलईडी लाइटें, चौक-चौराहों पर हाईमास्ट शहर को रोशन करने के लिए 15 हजार स्ट्रीट लाइटें लगाने के प्रस्ताव पर सदन में सहमति बनी। सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने यह प्रस्ताव रखा। इसके तहत सभी वार्डों में एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों पर हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना है। 46 वार्डों में नए पुस्तकालय खोलने की तैयारी बैठक में वार्डों में पुस्तकालय खोलने पर भी चर्चा हुई। वर्तमान में नगर निगम के 53 वार्डों में से केवल 7 में पुस्तकालय संचालित हैं। शेष 46 वार्डों में भी पुस्तकालय खोलने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को अपने वार्ड में ही पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है। शुद्ध पेयजल के लिए लगेंगे वाटर एटीएम शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर एटीएम मशीनें लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा जवाहरलाल टाउन हॉल, इंडोर स्टेडियम, केदारनाथ मार्केट और सिकड़िया मोड़ बस पड़ाव को PPP मोड पर विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। लापरवाही पर सहायक अभियंता अनामिका कुमारी निलंबित बैठक में कार्यों में लापरवाही का मामला भी उठा। नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने सहायक अभियंता अनामिका कुमारी के कामकाज पर नाराजगी जताते हुए उन्हें निलंबित करने की घोषणा की। उन्होंने सदन को बताया कि सहायक अभियंता लगातार कार्यों में लापरवाही बरत रही थीं। बिना आदेश के कई कार्य गलत तरीके से किए गए। इसे गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई। मजदूरों का भुगतान नहीं करने पर बुडको के खिलाफ FIR का आदेश बैठक में बुडको की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई गई। नगर आयुक्त ने कहा कि मजदूरों के भुगतान के लिए बुडको को राशि उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पैसा नहीं दिया गया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने FIR दर्ज कराने का आदेश दिया। पार्कों का विकास नगर निगम करेगा, बाजार में अतिक्रमण पर लगेगा जुर्माना बैठक में गांधी मैदान स्थित ओपन जिम पार्क और कंडी स्थित पार्क का संचालन वन विभाग से वापस लेने की पहल करने का निर्णय लिया गया। सदस्यों का कहना था कि वर्षों से इन पार्कों का अपेक्षित जीर्णोद्धार नहीं हुआ है। ऐसे में नगर निगम स्वयं इनकी जिम्मेदारी लेकर विकास और सौंदर्यीकरण कराएगा। इसके अलावा केदारनाथ मार्केट के अंदर फल और सब्जी का कारोबार व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया। सड़क पर दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। कठोकर तालाब और सिकड़िया मोड़ बस स्टैंड के विकास पर भी चर्चा हुई। शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए सफाई वाहन, सामग्री और उपकरण खरीदने पर सहमति बनी। निःशुल्क होम्योपैथिक इलाज और दवा की सुविधा मिलेगी शहरवासियों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम में होम्योपैथिक चिकित्सक की सेवा शुरू करने और लोगों को निःशुल्क दवा देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही खराब ट्राई साइकिल, हाथ ठेला और लोहा ठेला की मरम्मत कराने तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top