संवाद सूत्र, News Wahni
नौहट्टा। प्रखंड क्षेत्र की जयंतीपुर पंचायत के बलभद्रपुर गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के चयन एवं आवंटन में अनियमितता की शिकायत सामने आई है। इस मामले में गांव निवासी निक्की कुमारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर लाभार्थियों की सूची की जांच कराने की मांग की है।
आवेदन में निक्की कुमारी ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ जरूरतमंद गरीब परिवारों को देने के बजाय संपन्न लोगों को दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया है कि लाभार्थी सूची में ऐसे लोगों के नाम भी शामिल हैं, जिनके पास पहले से पक्का मकान, दोपहिया वाहन और उपजाऊ कृषि भूमि उपलब्ध है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जिन परिवारों के पास पहले से पक्का मकान मौजूद है, उनके नाम भी आवास योजना के लाभार्थियों की सूची में शामिल किए गए हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी नीलेश कुमार ने बताया कि लाभार्थियों की सूची की तत्काल जांच कराई जाएगी।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि लाभार्थियों के चयन में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है या नहीं।