![]()
भागलपुर जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उर्दू बाजार स्थित काली मंदिर की लगभग एक कट्ठा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। रविवार शाम कुछ लोगों ने जमीन की घेराबंदी कर निर्माण शुरू करने का प्रयास किया, जिसके बाद मोहल्ले के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह जमीन पिछले 25 वर्षों से काली मंदिर से संबंधित सामान रखने और धार्मिक उपयोग में है। बावजूद इसके, कुछ लोग जबरन इस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीण तातारपुर थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष से शिकायत कर जमीन को कब्जे से बचाने की गुहार लगाई। जमीन की घेराबंदी करने आए, मोहल्ले के लोगों ने किया विरोध काली मंदिर के पूर्व अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद गुप्ता ने बताया कि रविवार शाम कुछ लोग जमीन की घेराबंदी करने आए थे, जिसका मोहल्ले के लोगों ने एकजुट होकर विरोध किया। उन्होंने जोर दिया कि यह जमीन लंबे समय से मंदिर समिति के उपयोग में है और इसका धार्मिक महत्व है, इसलिए किसी भी कीमत पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए तातारपुर थानाध्यक्ष ने तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। पुलिस ने आगामी शनिवार को थाना परिसर में दोनों पक्षों के कागजात की जांच करने का निर्णय लिया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जमीन पर दोबारा कब्जे का प्रयास हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंदिर की जमीन को सुरक्षित रखने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Source link