![]()
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संग्रामपुर प्रखंड के खैरा गांव में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए विकास और कानून-व्यवस्था पर सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने की बात कही। विकास की गति तेज करने का दिया आश्वासन डिप्टी सीएम ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में तारापुर और आसपास के इलाकों में विकास की गति तेज होगी, जिससे आम लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने अपराध और अपराधियों के प्रति सख्त रुख अपनाया। उन्होंने खुले मंच से अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार में अब अपराधियों को माला पहनाने का काम नहीं, बल्कि माला चढ़ाने का काम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नीट छात्राकांड का पारदर्शिता से होगी जांच डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने नीट छात्राकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस गंभीर घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चौधरी ने कहा कि पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी छूट दी गई है। पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून का राज स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभा के अंत में सम्राट चौधरी ने लोगों से विकास और सुशासन के लिए सरकार का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही बिहार को अपराधमुक्त और विकसित राज्य बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
Source link