![]()
किशनगंज के प्रसिद्ध खगड़ा मेला में गुरुवार देर रात जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जिला महासचिव और वार्ड नंबर 32 के पार्षद प्रतिनिधि मकसूद अंसारी उर्फ अनवर के अपहरण का प्रयास किया गया। 25-30 हथियारबंद अज्ञात हमलावरों के गिरोह ने पिस्तौल और अन्य हथियारों से लैस होकर उन्हें जबरन उठाने की कोशिश की। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक को हवा में पिस्तौल लहराते देखा जा रहा है, जिसे स्थानीय लोग इस घटना से जोड़ रहे हैं। पीड़ित अनवर, जो खगड़ा नवाब कैंप (वार्ड 32) के निवासी हैं, ने सदर थाने में आवेदन देकर पूरी घटना का विवरण दिया। उनके अनुसार, वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला ग्राउंड में गए थे। फिरौती के लिए अपहरण का प्रयास
रात करीब 1 बजे थिएटर के पास कुछ लोग उपद्रव कर रहे थे। उन्हें शांत करने के लिए जैसे ही वे थिएटर में घुसे, 6-7 चारपहिया वाहनों और 10-15 मोटरसाइकिलों पर सवार 25-30 हथियारबंद व्यक्ति वहां पहुंच गए। इनमें से कई के पास पिस्तौल थी। अनवर ने आरोप लगाया कि हमलावरों का मकसद उन्हें अपहरण कर हत्या करना या फिरौती वसूलना था। वे थिएटर की टिन की दीवार फांदकर भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया। दक्षिण दिशा की सड़क पर दो व्यक्तियों ने मोटरसाइकिल पर आकर पिस्तौल सटाकर उन्हें जबरन बैठा लिया। जहांगीर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
इसी दौरान, 112 पुलिस की गाड़ी (BR01/0408) वहां दिखाई दी, जिससे अपराधी घबरा गए और उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। अनवर ने मौके पर ही दोनों हमलावरों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पिपला निवासी जहांगीर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
घटना का अधिकांश हिस्सा मेला गेट के सीसीटीवी कैमरे में कैद है, जिसकी हार्ड डिस्क मेला कार्यालय और एसपी कार्यालय में उपलब्ध है। थिएटर में मौजूद कई लोग इस घटना के साक्षी हैं। हमले में अनवर को चोटें आईं, जिनका इलाज रात 2 बजे सदर अस्पताल में कराया गया। पीड़ित ने अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द कार्रवाई का दावा कर रही है। यह घटना मेला के दौरान कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। एसडीपीओ गौतम कुमार ने इस मामले में बताया कि जांच चल रही है। वर्तमान में सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link