![]()
बिहार सरकार के पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन औरंगाबाद के संयुक्त देखरेख में भगवान सूर्य की नगरी देव में तीन दिवसीय सूर्य महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 25 से 27 जनवरी तक आयोजित होगा, जो भगवान सूर्य के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। आस्था, संस्कृति और संगीत के संगम के रूप में विख्यात विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर परिसर इस दौरान उत्सव के रंग में रंगा नजर आएगा। महोत्सव के दौरान भगवान सूर्य का विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इस वर्ष सूर्य महोत्सव को और अधिक आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए देश के सुप्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव के पहले दिन 25 जनवरी को इंडियन आइडल विजेता और प्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह पवनदीप राजन की प्रस्तुति को लेकर युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखा जा रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन 26 जनवरी को सुप्रसिद्ध भोजपुरी लोकगायिका कल्पना पटवारी अपनी भावपूर्ण लोक गायन की प्रस्तुति देंगी। कल्पना पटवारी अपनी विशिष्ट गायकी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े गीतों के लिए जानी जाती हैं। महोत्सव के समापन दिवस 27 जनवरी को स्थानीय कलाकारों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है देव सूर्य मंदिर व आयोजन स्थल जिला प्रशासन द्वारा सूर्य महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन स्थल देव रानी तालाब क्षेत्र एवं ऐतिहासिक देव सूर्य मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। रंग-बिरंगी लाइटिंग, भव्य सजावट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, पेयजल, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। डीएम ने किया देव सूर्य मंदिर व आयोजन स्थल का निरीक्षण गुरुवार को जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सूर्य महोत्सव की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने देव रानी तालाब परिसर स्थित मुख्य आयोजन स्थल का मुआयना कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने आम नागरिकों के लिए सुलभ पेयजल, वाहन पार्किंग, अस्थायी शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश एसडीओ संतान सिंह को दिया। इसके बाद उन्होंने सूर्यकुंड तालाब परिसर का भी निरीक्षण किया और पर्यटन विभाग की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही तालाब परिसर के समीप प्रस्तावित मुख्यमंत्री प्रगति पथ की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ मदनपुर, सीओ दीपक कुमार, बीडीओ दीपक कुमार, देव नगर पंचायत अध्यक्ष पिंटू साहिल, उपाध्यक्ष गोलू गुप्ता, देव सूर्य मंदिर न्यास समिति के सचिव विश्वजीत राय, सदस्य योगेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। भव्य पंडाल का कराया जा रहा है निर्माण, 2500 लोगों के बैठने की व्यवस्था महोत्सव के लिए देव नगर पंचायत स्थित रानी तालाब मैदान में विशाल पंडाल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पंडाल निर्माण में पटना के अनुभवी कारीगरों की टीम दिन-रात जुटी हुई है। पंडाल का आकार लगभग 200 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा होगा, जिसमें करीब 2000 सामान्य कुर्सियों के साथ 420 वीआईपी कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है। एक दर्जन से अधिक कारीगर मुख्य मंच और पंडाल को भव्य रूप देने में लगे हैं। जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयास से सूर्य महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है। क्विज, निबंध, पेंटिंग, रंगोली व मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन तीन दिवसीय सूर्य महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान अमृतेश आर्यन ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिला स्तरीय क्विज, पेंटिंग, रंगोली, निबंध, मेहंदी, स्लो साइकिल रेस, कबड्डी, खो-खो और फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता की स्क्रीनिंग 21 जनवरी को समाहरणालय स्थित योजना भवन में आयोजित की जा चुकी है, जिसके आधार पर फाइनल क्विज के प्रतिभागियों का चयन किया गया है। फाइनल क्विज 27 जनवरी को देव में रानी पोखर के निकट मुख्य मंच पर आयोजित होगा।
Source link