![]()
भोजपुर जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार और करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला आज(22 जनवरी 2026) आरा कृषि भवन परिसर में आयोजित होगा। बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ इसका उद्घाटन करेंगे। इस संबंध में निदेशक, नियोजन एवं प्रशिक्षण केंद्र की ओर से निर्देश जारी किया गया है। उद्देश्य यह है कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकतम बेरोजगार युवक और युवतियां इस मेले की जानकारी प्राप्त कर उसमें भाग ले सकेंगे। नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था मेले में विभिन्न निजी कंपनियों, प्रतिष्ठानों और प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जो योग्य अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे। इसके साथ ही युवाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और करियर चयन से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। मेले के दौरान करियर काउंसलिंग, मार्गदर्शन सत्र और ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी व्यवस्था रहेगी, जिससे अभ्यर्थी सीधे नियोजकों से संपर्क कर सकेंगे। जिला नियोजनालय के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के आयोजन से युवाओं को न सिर्फ रोजगार के अवसर मिलते हैं, बल्कि उन्हें अपने भविष्य की बेहतर योजना बनाने में भी सहायता मिलती है। जिला नियोजनालय की ओर से जिले के सभी बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की गई है कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ कृषि भवन में आयोजित इस मेला में पहुंचकर लाभ उठाएं। इस मेले से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार और मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
Source link