![]()
शेखपुरा के बरबीघा शहर स्थित बुल्ला चक मुहल्ले में बीती रात एक पत्तल गोदाम में भीषण आग लग गई। बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग में 15 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। यह घटना झंडा चौक बाजार के पास हुई, जो एक सघन आबादी वाला क्षेत्र है। आग लगने के बाद मुहल्ले के नागरिकों और आसपास के घरों व दुकानों के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही शेखपुरा अग्निशमन केंद्र से अग्निशमन विभाग के सब अधिकारी सौरव कुमार, नागेंद्र कुमार, राजू चौहान, रोहित कुमार और विभो पटेल के नेतृत्व में चार दमकल दस्ते मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीन मंजिला गोदाम में लगी आग बुझाने का काम शुरू किया। घटनास्थल की तस्वीरें… पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में लगभग पांच घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। देर रात एक बजे तक आग बुझाने का काम जारी रहा। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे सघन आबादी वाले आसपास के इलाकों में बड़े नुकसान को टाला जा सका। यह गोदाम शहर के सबसे बड़े पत्तल-प्लेट व्यवसायी दिलीप कुमार का था। बरबीघा शहर और आसपास के सैकड़ों गांवों में होने वाले शादी-ब्याह सहित अन्य कार्यक्रमों के लिए यहीं से पत्तल-प्लेट की आपूर्ति की जाती थी। अग्निशमन विभाग के सब अधिकारी सौरव कुमार ने बताया कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी थी। उन्होंने यह भी कहा कि संकीर्ण और सघन बाजार स्थित गोदाम में आग बुझाने में अग्निशमन दस्ते को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
Source link