![]()
मुंगेर के बेकापुर बाजार स्थित लखी नारायण डे की आभूषण दुकान पर मंगलवार को ग्राहक ने जमकर हंगामा किया। ग्राहक ने दुकानदार पर 22 कैरेट के बजाय 9 और 12 कैरेट का सोना देकर ठगी करने का आरोप लगाया है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। धरहरा निवासी पीड़ित ग्राहक अभिजीत ने बताया कि उन्होंने 3 मार्च 2021 को अपनी बहन की शादी के लिए दुकान से लगभग 3 लाख 52 हजार रुपए के सोने के आभूषण खरीदे थे। कुछ वर्षों बाद आभूषण टूटने लगे, जिसके बाद वे मरम्मत के लिए कई बार दुकान पर गए। मंगलवार को अभिजीत ने एक अन्य आभूषण शोरूम में अपने गहनों की जांच कराई। जांच में खुलासा हुआ कि आभूषण 22 कैरेट के स्थान पर 9 और 12 कैरेट के बने हुए थे। दुकान पहुंचकर विरोध जताते हुए किया हंगामा जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अभिजीत सीधे संबंधित आभूषण दुकान, लखी नारायण डे पर पहुंचे। उन्होंने वहां विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख आसपास के दुकानदार भी मौके पर जमा हो गए। पीड़ित ग्राहक ने आरोप लगाया कि दुकानदार ने जानबूझकर सोने की गुणवत्ता में हेराफेरी कर उनके साथ धोखाधड़ी की है। मामले को शांत कराने के लिए स्थानीय दुकानदारों की मध्यस्थता में ग्राहक और दुकान मालिक के बीच बातचीत हुई। इसमें कुछ दिनों का समय लेकर आपसी समझौते की बात कही गई। दुकानदार ने आरोपों को बताया निराधार दुकान मालिक लखी नारायण डे के दुकानदार अरविंद डे ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि जिस समय आभूषण बनाए गए थे, उस अवधि में बीआईएस हॉलमार्किंग की व्यवस्था लागू नहीं थी। अरविंद डे ने आगे बताया कि उस समय मजदूरी कम ली जाती थी और 22 कैरेट की गारंटी दी जाती थी, साथ ही लगभग 20 प्रतिशत कटौती की जानकारी ग्राहकों को दी जाती थी। दुकानदार के अनुसार, ग्राहक पुराने आभूषण को नई पद्धति से बनवाना चाहता था, जिसे पहले मना कर दिया गया था। बाद में आपसी सहमति से यह तय हुआ कि पुराने आभूषण को 22 कैरेट के स्थान पर 18 कैरेट में पुनः तैयार कर दिया जाएगा। फिलहाल, इस मामले को लेकर बाजार में चर्चा का माहौल है और स्थानीय स्तर पर समझौते की प्रक्रिया जारी है।
Source link