![]()
सहरसा के सलखुआ थाना क्षेत्र के गौरदह पंचायत के गोरियारी गांव निवासी एक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। वह हैदराबाद से मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था। रविवार शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सोचित कुमार के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय फोदार यादव के पुत्र थे। सोचित लगभग चार माह पहले परिवार का भरण-पोषण करने के लिए हैदराबाद मजदूरी करने गए थे। काम पूरा होने के बाद वह शनिवार को घर लौट रहे थे। सोचित के साथ यात्रा कर रहे एक साथी ने बताया कि वे दोनों हैदराबाद से दानापुर तक ट्रेन से आए थे। शनिवार शाम करीब छह बजे उन्होंने दानापुर से सहरसा जाने वाली ट्रेन पकड़ी। हाजीपुर जंक्शन से ट्रेन चलने के कुछ देर बाद सोचित शौचालय जाने के लिए अपनी सीट से उठे। लगभग पांच मिनट बाद, ट्रेन के गेट के पास से यात्रियों ने शोर मचाया कि एक युवक चलती ट्रेन से गिर गया है। सोचित के साथी ने जब खोजबीन की, तो यात्रियों ने बताया कि जो युवक उनके साथ बैठा था, वही ट्रेन से गिरा है। इसके बाद साथी अगले स्टेशन पर उतर गया और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को घटना की सूचना दी। पुलिस और रेलवे अधिकारियों की मदद से घटनास्थल पर पहुंचने पर सोचित का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सोचित कुमार का विवाह लगभग पांच वर्ष पहले हुआ था। उनके परिवार में पत्नी, चार वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार और तीन वर्षीय पुत्री अनुष्का कुमारी हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की असामयिक मृत्यु से पत्नी, बच्चों और वृद्ध मां का बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
Source link