![]()
पूर्वी चंपारण जिले के 13 हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को बेहतर इलाज के लिए रविवार को पटना भेजा गया। ये बच्चे राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत संचालित मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के लाभार्थी हैं। उन्हें सदर अस्पताल मोतिहारी से सात एंबुलेंस के माध्यम से जय प्रभा मेदांता अस्पताल, पटना रवाना किया गया। पटना में बिहार सरकार द्वारा आयोजित निशुल्क हृदय जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा इन बच्चों की जांच की जाएगी। योजना का उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान कर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित करना है। हरी झंडी दिखाकर बच्चों को रवाना किया
सदर अस्पताल परिसर में आरबीएसके के नोडल पदाधिकारी डॉ. शशि मिश्रा ने एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बच्चों को रवाना किया। उन्होंने बताया कि सही समय पर जांच और इलाज मिलने से बच्चों को गंभीर जटिलताओं से बचाया जा सकता है और उनका जीवन सामान्य बनाया जा सकता है। डॉ. मिश्रा ने यह भी बताया कि पटना में आयोजित इस विशेष शिविर में बच्चों की विस्तृत जांच के बाद आवश्यकता पड़ने पर उनका ऑपरेशन भी पूरी तरह निशुल्क किया जाएगा। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को विशेष रूप से लाभ पहुंचा रही है, जिससे उन्हें महंगे इलाज का बोझ नहीं उठाना पड़ता। 180 बच्चों की सफल हृदय सर्जरी कराई जा चुकी पूर्वी चंपारण के सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जिले में अब तक इस योजना के तहत 180 बच्चों की सफल हृदय सर्जरी कराई जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, 100 से अधिक बच्चों का दवाओं के माध्यम से सफल उपचार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी बच्चे में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण जैसे सांस फूलना, वजन नहीं बढ़ना या बार-बार बीमार होना दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। समय पर पहचान और इलाज से बच्चों को स्वस्थ और सुरक्षित जीवन दिया जा सकता है।
Source link