![]()
समस्तीपुर में
समस्तीपुर में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शहर के आरएसबी इंटर विद्यालय में हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि यदि भारत का युवा शिक्षित, स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होगा, तभी देश आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को समय पर प्राप्त कर सकेगा। सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के नेतृत्व में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली। सभी ने नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान पूरे परिसर में नशामुक्त भारत के समर्थन में उत्साह और जागरूकता का माहौल देखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार, रोसड़ा विधायक वीरेंद्र पासवान, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
Source link