![]()
औरंगाबाद में जमीनी विवाद ने शुक्रवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के छह से अधिक लोग घायल हो गए। एक पक्ष के चार घायलों का इलाज औरंगाबाद सदर अस्पताल में कराया गया, जबकि दूसरे पक्ष के घायलों का इलाज प्राइवेट क्लीनिक में कराया गया। घटना रिसियप थाना क्षेत्र के बड़का गांव की है। युवक का सिर फटा सदर अस्पताल में भर्ती घायलों में विकास सिंह, अनीता देवी, अखिलेश सिंह और नीलम कुमारी शामिल है। सभी को गंभीर चोटें आई हैं। विकास सिंह का सिर फट गया, जबकि अखिलेश सिंह का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। घर में घुसकर हमला करने का आरोप घायलों ने बताया कि गोतिया(पादीदार) के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष एक ही जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं। शुक्रवार को जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव के चौधरी चरण सिंह, रिंकू सिंह, काली सिंह, पिंटू सिंह और चितरंजन सिंह समेत उनके परिवार की महिलाओं ने भी घर में घुसकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला किया, जिससे कई लोग घायल हो गए। छानबीन में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही रिसियप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संजीत राम ने बताया कि आवेदन या फर्द बयान प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
Source link