![]()
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं के साथ पुलिस बदसलूकी तथा छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को शेखपुरा में जिला कांग्रेस कमेटी ने विशाल विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस कार्यालय आजाद हिंद आश्रम से शुरू हुआ। जुलूस स्टेशन रोड, पटेल चौक और कटरा चौक से होते हुए चांदनी चौक, शेखपुरा तक पहुंचा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र नाथ ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र नाथ ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना और छात्रों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के साथ किया गया व्यवहार केवल एक नेता का नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान का अपमान है। जितेंद्र नाथ ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ। प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र नाथ के साथ प्रखंड अध्यक्ष दीपक कुमार, संजय सिंह, प्रमोद यादव, आमिर महतो, गोरेलाल कुशवाहा, युवा नेता राहुल कुमार, राजेश रंजन उर्फ गुरु मुखिया, पप्पू राज मंडल, प्रेम कुमार गुप्ता, पिंटू कुमार, विपिन चौरसिया, महेंद्र कुशवाहा, दानी प्रसाद, सत्येंद्र सिंह सहित शेखपुरा जिला कांग्रेस कमेटी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source link