Newswahni

पुलिस ने विशेष अभियान में लोगों को किया गिरफ्तार मधुबनी में हथियार ब्राउन शुगर और शराब बरामद…




मधुबनी पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत मंगलवार को 44 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई की जानकारी बुधवार को दिन के 11:00 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) योगेंद्र कुमार ने दी। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों में 21 वारंटी, हत्या के एक मामले का आरोपी, आर्म्स एक्ट के सात आरोपी, एनडीपीएस एक्ट का एक आरोपी, अपहरण के एक मामले का आरोपी और हत्या के प्रयास के तीन आरोपी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, अन्य मामलों से संबंधित दो आरोपितों को भी पकड़ा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 50 लीटर देशी और विदेशी शराब, एक पिस्टल, तीन मैगजीन, एक जिंदा गोली, 40 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोटरसाइकिल, एक चाकू और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सभी सामानों को जब्त कर संबंधित मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसएसपी योगेंद्र कुमार ने यह भी बताया कि अभियान में लंबित मामलों के निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया गया। इसी क्रम में 21 वारंटों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया, जिससे फरार आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई में तेजी आई है। यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ भी अभियान चलाया गया, जिसके तहत जिले में 82 वाहनों की जांच की गई और उनका चालान किया गया। इस कार्रवाई से 1 लाख 3 हजार 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने तथा फरार आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आम नागरिकों की सुरक्षा मधुबनी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top