![]()
नवादा के डीआरडीए सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय समन्वय, राजस्व एवं तकनीकी विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने इसकी अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित मामलों की पीपीटी के माध्यम से समीक्षा की गई। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने और विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत सहयोग शिविर पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा से हुई। सभी विभागों को लंबित आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग की समीक्षा के दौरान कर्पूरी नगर पथ से नालापर रविदास टोला तक सड़क निर्माण के लिए वनभूमि अपयोजन संबंधी प्रस्ताव शीघ्र पूरा करने को कहा गया। राजस्व विभाग को नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित करने तथा खंटागी-लवनी पथ निर्माण हेतु प्रस्तावित भूमि का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। भू-अर्जन से जुड़े मामलों में न्यू हिसुआ बाईपास और गंगाजल आपूर्ति योजना फेज-02 के तहत शेष पात्र रैयतों को जल्द मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग को एग्रीस्टेक योजना के तहत लंबित फार्मर रजिस्ट्री का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश मिला, जबकि आईसीडीएस को आधार से मोबाइल नंबर लिंक कर एफआरएस प्रणाली के माध्यम से टीएचआर वितरण में आ रही बाधाओं को दूर करने को कहा गया। सामाजिक सुरक्षा कोषांग की समीक्षा में 68,559 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित पाया गया। इस पर सभी प्रखंडों में विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया गया। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए भी पंचायत स्तर पर अभियान चलाने को कहा गया। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, श्रम, कल्याण, जीविका, पीएचईडी, भवन निर्माण, आपूर्ति सहित कई अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई। साथ ही “मेरा युवा भारत (My Bharat)” अभियान के तहत अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link