![]()
खगड़िया के रहने वाले 24 साल के एक युवक ने अपनी शादी से 6 दिन पहले भागलपुर के नाथनगर में ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। ट्रेन से कटने के बाद युवक का धड़ और दोनों पैर अलग हो गया था। करीब 30 मिनट तक युवक ट्रैक पर तड़पता रहा। इसके बाद उसे एंबुलेंस से मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना नाथनगर रेलवे स्टेशन के केबिन के पास की है। मृतक की पहचान खगड़िया के रहने वाले इनु कुमार के तौर पर हुई है। इनु कुमार नाथनगर में किराए का मकान लेकर रहता था। भागलपुर में एक होटल में वो हलवाई का काम करता था। 24 जुलाई को उसकी शादी पुलिस जिला नवगछिया के खरीक में होने वाली थी। मृतक के भाई ने कहा- किसी से कोई विवाद नहीं, पसंद से शादी कर रहा था मृतक के भाई संतोष कुमार ने बताया कि नाथनगर से किसी ने जानकारी दी कि तुम्हारा भाई ट्रेन से कट गया है। उसने बताया कि मेरे भाई की 24 जुलाई को खरीक में शादी होनी थी। मेरे भाई की मर्जी से ही शादी हो रही थी। मेरा भाई भागलपुर में दुकान में काम करता है। नाथनगर में किराए के मकान में रहता है। हम लोग चार भाई हैं, ये तीसरे नंबर पर था। संतोष ने बताया कि हम लोग रात को लड़की वालों के घर से लग्न लेकर लौटे थे। रात को घर लौटने के बाद भाई भागलपुर के नाथनगर चला आया था, जबकि हम लोग खगड़िया अपने घर लौट गए थे। आज दोपहर बाद भाई के ट्रेन से कटने की जानकारी मिली। विक्रमशिला ट्रेन से कटकर हुई इनु कुमार की मौत घटना के प्रत्यक्षदर्शी और गेटमैन के मुताबिक, विक्रमशिला ट्रेन आ रही थी। इसी दौरान युवक पटरी पर लेट गया था। उसके कमर का हिस्सा दोनों पटरियों के बीच था, जबकि दोनों पैर पटरी के बाहर था। इसी दौरान ट्रेन से कटकर युवक दो हिस्सों में बंट गया। जब स्थानीय लोगों ने युवक के कटने की घटना को देखा, तो ट्रेन के गुजरने के बाद उसके पास गए। युवक ने अपनी पहचान बताई और बड़े भाई का मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद युवक के भाई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। गेटमैन ने बताया कि करीब 30 मिनट तक युवक ट्रैक पर ही तड़पता रहा। आधे घंटे बाद एंबुलेंस आई। जब तक एंबुलेंस आई, तब तक वो जिंदा था। बाद में जानकारी मिली कि मायागंज अस्पताल में उसकी मौत हो गई है। वहीं, आरपीएफ इंस्पेक्टर एके गिरी ने बताया कि ट्रेन के सामने आकर युवक ने सुसाइड किया है। उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link