
अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर युद्ध खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेना ने ईरान पर लगातार तीसरी रात भीषण हमले किए। इसके जवाब में ईरानी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में जहाजों को निशाना बनाया। ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो कमर्शियल तेल टैंकरों पर क्रूज मिसाइल दागे। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज पर दावेदारी ठोकते हुए बड़ा ऐलान कर दिया।
डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक नाकेबंदी (naval blockade) को फिर से लागू करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिबंध ईरान और उसके साथ व्यापार करने वाले देशों के साथ लागू होगा। जबकि अन्य अंतरराष्ट्रीय जहाजों को इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने की अनुमति होगी। ट्रंप ने सोमवार (13 जुलाई) को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने के बाद यह घोषणा की।
पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा,, “हम उन पर बहुत कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं और यह जारी रहेगा। हम देखेंगे कि आगे क्या होता है। हम उनकी सभी आक्रामक क्षमताओं को खत्म कर रहे हैं और हम जलडमरूमध्य (होर्मुज जलडमरूमध्य) को नियंत्रित कर रहे हैं। हम नाकेबंदी को फिर से लागू कर रहे हैं। यह नाकेबंदी किसी और के लिए नहीं, बल्कि ईरान के लिए है। दूसरे शब्दों में, ईरान के साथ व्यापार करने वाला कोई भी व्यक्ति वहां से नहीं गुजर सकता। बाकी सभी लोग वहां से गुजर सकेंगे।”