![]()
किशनगंज में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। एक सात माह की गर्भवती महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शहर के दिलावरगंज निवासी नौलखिया देवी की शादी पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र के खपड़ा गांव निवासी पवन कुमार बोसाक से हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष की ओर से उपहार और अन्य सामान दिए गए थे। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग अतिरिक्त दहेज के रूप में एक लाख रुपए और सोने के गहनों की मांग करने लगे। ससुराल पक्ष पर जेवर छीनने का आरोप महिला ने बताया कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। इस दौरान वह एक बच्चे की मां भी बनी, लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि 27 मई को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके जेवर छीन लिए और उसके साथ मारपीट की। पीड़िता के अनुसार, इस घटना के बाद वह सात माह की गर्भावस्था में अपने मायके दिलावरगंज आ गई। इसके बाद भी ससुराल पक्ष के लोग मायके पहुंचकर दहेज की मांग करते रहे। पति की दूसरी शादी कराने की दी धमकी महिला का आरोप है कि मांग पूरी नहीं करने पर उसे और उसके बच्चे को जान से मारने तथा पति की दूसरी शादी कराने की धमकी दी गई। विरोध करने पर मायके पक्ष के लोगों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर पति समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
Source link