
Satara Maharashtra: महाराष्ट्र के सतारा जिले से बुधवार, 07 जुलाई को एक बेहद ही दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर आई है। पुलिस के अनुसार करंट लगने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पिसुराद्य किसन शिंदे, गंगू सतीश शिंदे, सचिन सतीश शिंदे और आरती सतीश शिंदे के रूप में हुई है, जो सभी खामगांव के सखारवाड़ी के रहने वाले थे। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक-दूसरे को बचाने में सभी की मौत
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले सतीश शिंदे को लाइट बल्ब हटाते या लगाते समय बिजली का झटका लगा। उन्हें बचाने की कोशिश में उनकी पत्नी और दो बच्चे भी दौड़े, लेकिन वो सभी चालू तार के संपर्क में आ आए और उन्हें भी बिजली के जोरदार झटके लगी, जिसके चलते पिसुराद्य किसन शिंदे, पत्नी-गंगू सतीश शिंदे, बेटा-सचिन सतीश शिंदे और बेटी-आरती सतीश शिंदे, चारों की मौत हो गई।
इस दर्दनाक घटना के बारे में पता चलने के बाद बड़ी संख्या में मौके पर लोग पहुंच गए। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम भी पहुंच गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि एक केबल टूट गई और ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के संपर्क में आने से उसमें करंट आ गया, जिसके चलते चारों की मौत हो गई।
इस घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। मृत परिवार के घर के पास हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। फिलहाल, शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते बिजली के खंबों में करंट होने की खबरें आती रही हैं।