![]()
दरभंगा के जाले के BDO (प्रखंड विकास पदाधिकारी) मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़ आया है। बीडीओ मनोज कुमार की गर्लफ्रेंड अन्नू कुमारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। अन्नू को पुलिस ने सीतमढ़ी से पकड़ा है। वो बेगूसराय में वह बेगूसराय जिले के एक थाने में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है। फिलहाल उसे मिठनपुरा थाना में रखकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस चर्चित मामले में उसकी क्या भूमिका रही। पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला दरोगा मूल रूप से सीतामढ़ी के सुरसंड की रहने वाली है। बीडीओ से पूछताछ के बाद हुई कार्रवाई पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बीडीओ मनोज कुमार से लगातार पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने BDO की प्रेमिका को हिरासत में लिया। फिलहाल उससे पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या पत्नी अमृता की प्रताड़ना और मौत के मामले में उसकी किसी प्रकार की भूमिका थी। मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि महिला से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। मोबाइल कॉल डिटेल से खुला अफेयर का राज जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार बीडीओ के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बीडीओ और महिला दरोगा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। पुलिस का मानना है कि इसी संबंध को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। BDO की पत्नी अमृता इसका विरोध करती थी, जिसके कारण उसे लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी। मृतका के भाई ने FIR में आरोप लगाया था कि BDO का किसी और महिला से अफेयर चल रहा है। दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप मामले में दर्ज एफआईआर के अनुसार, अमृता कुमारी की शादी 9 दिसंबर 2022 को मनोज कुमार से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के करीब एक वर्ष बाद बीडीओ, उसके माता-पिता, भाई और बहन ने 10 लाख रुपए दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर अमृता को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि दहेज की मांग और प्रेम-प्रसंग के विरोध के कारण अमृता को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। एंबुलेंस में शव छोड़कर फरार होने का आरोप मृतका के भाई राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 4 जुलाई की रात हमें जानकारी मिली की बहन अमृता की तबीयत बिगड़ गई है। जब वे मुजफ्फरपुर पहुंचे तो घर पर कोई नहीं मिला। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर वे सदर अस्पताल पहुंचे, जहां अमृता का शव एक एंबुलेंस में लावारिस हालत में पड़ा मिला। आरोप है कि बीडीओ और उसके परिवार के लोग शव छोड़कर वहां से फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। भाई के बयान पर हत्या की FIR मामले में रविवार को मिठनपुरा थाना में अमृता के भाई राजकुमार के बयान पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में पति मनोज कुमार, सास, ससुर, देवर और ननद को नामजद किया गया है। आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में दहेज की मांग को लेकर अमृता को परेशान किया जा रहा है। परिजन का आरोप है कि अमृता को पति के किसी दूसरी महिला से संबंध होने की जानकारी मिली थी। इसका विरोध करने पर परिवार के अन्य सदस्य भी उसके खिलाफ हो गए और प्रताड़ना बढ़ा दी गई। आरोप है कि 3 जुलाई यानी शुक्रवार रात उसे नशीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी गई।
प्रेम कहानी से शादी तक का सफर BDO मनोज कुमार और अमृता की मुलाकात साल 2015 में बीपीएससी की तैयारी के दौरान हुई थी। अमृता भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। वर्ष 2018 में मनोज कुमार का चयन रक्षा मंत्रालय में ऑडिटर के पद पर हुआ। बाद में वर्ष 2020 में दोनों ने कोर्ट मैरिज की। 2022 में मनोज कुमार का चयन बीडीओ पद पर हो गया। 2023 में दोनों ने परिवार की रजामंदी से शादी कर ली। अमृता के साथ मारपीट का वीडियो आया था सामने अमृता की संदिग्ध मौत के बाद उसके साथ मारपीट के दो वीडियो सामने आए थे। ये वीडियो 19 मार्च 2025 का बताया जाता है। एक फुटेज करीब 1 मिनट 18 सेकेंड और दूसरा करीब 1 मिनट का था। अमृता के घर वालों का दावा है कि वीडियो में अमृता को ससुर, सास, ननद और देवर मिलकर घर से बाहर खींचते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। एक फुटेज में उसे सीढ़ियों पर घसीटते हुए ले जाया जा रहा है, जबकि दूसरे में जिला प्रशासन लिखी गाड़ी में जबरन बैठाने के दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट की जा रही है। बाद में चार लोग उसे उठाकर जबरन कार में बिठाते नजर आए।
Source link