![]()
मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में दहेज हत्या मामले में दरभंगा के जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बीडीओ का किसी अन्य महिला के साथ प्रेम-प्रसंग भी था। इस पूरे मामले की जानकारी सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने दी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। जिसके बाद मुख्य आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। भाई के आवेदन पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी सिटी एसपी ने बताया कि 5 जुलाई को सीतामढ़ी के बेला थाना क्षेत्र निवासी राजकुमार ने मिठनपुरा थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। इसमें भाई की ओर से आरोप लगाया था कि उसकी बहन को शादी के बाद से ही पति, सास, देवर और अन्य ससुराल वालों की ओर से 10 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी गई। दूसरी महिला से संबंध की भी जांच में पुष्टि पुलिस जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। सिटी एसपी ने बताया कि अनुसंधान और पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ है कि गिरफ्तार बीडीओ मनोज कुमार का किसी अन्य महिला के साथ प्रेम-प्रसंग था। आवेदन में भी इस संबंध का उल्लेख किया गया था। पुलिस इस एंगल को भी हत्या के संभावित कारणों में शामिल कर गहन जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) और अपर पुलिस अधीक्षक (नगर-1) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। सबूतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बीडीओ को गिरफ्तार कर लिया। दो मोबाइल जब्त, कई बिंदुओं पर जांच जारी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस अब मोबाइल के कॉल डिटेल, चैट, डिजिटल सबूत और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि दहेज हत्या, प्रताड़ना, प्रेम-प्रसंग और अन्य सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जांच जारी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Source link