![]()
बिहार कौशल विकास मिशन के तहत सोमवार को चांदपुरा स्थित डोमेन स्किलिंग कौशल विकास केंद्र में एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में 10वीं, 12वीं, आईटीआई और स्नातक उत्तीर्ण बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया। इसका उद्देश्य फील्ड तकनीशियन के 100 से अधिक पदों पर भर्ती करना था। ट्रेनर वेद प्रकाश के नेतृत्व में आयोजित जॉब कैंप में कुल 50 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। समाचार लिखे जाने तक 30 युवाओं का साक्षात्कार लिया जा चुका था। भर्ती प्रक्रिया के तहत जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड ने फील्ड तकनीशियन पद के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया। कंपनी के सीनियर इंजीनियर विक्रम कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति थर्ड पार्टी पेरोल पर की जाएगी। उन्हें स्मार्ट मीटर लगाने तथा बिजली से जुड़े तकनीकी कार्यों की जिम्मेदारी दी जाएगी। चयनित युवाओं को 15 हजार से 20 हजार रुपए प्रतिमाह सीटीसी (कॉस्ट टू कंपनी), यात्रा भत्ता और प्रदर्शन आधारित इंसेंटिव मिलेगा। जॉइनिंग से पहले सभी अभ्यर्थियों को आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में बाइक, वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा स्मार्ट मीटर या बिजली संबंधी कार्य का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी गई। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती बेगूसराय, बरौनी, सहरसा, सिमरी, मधुबनी और दरभंगा में की जाएगी। साक्षात्कार के आधार पर संदीप कुमार, प्रशांत कुमार, मोहम्मद राजुर रहमान, अभीराज कुमार, दिवाकर कुमार सहित कई अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया है। कंपनी ने बताया कि अंतिम चयन दस्तावेजों के सत्यापन और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद किया जाएगा।
Source link