
Sambit Patra WhatsApp Hacked: पुरी से बीजेपी सांसद संबित पात्रा का WhatsApp अकाउंट हैक हो गया, इसके बाद हैकर्स ने इनके नंबर के कई लोगों को मैसेज भेजकर अर्जेंट पैसे मांगे। हैकर्स ने लिखा कि, उनका UPI काम नहीं कर रहा है और 65 हजार रुपये की उन्हें तुरंत जरूरत है।
‘मेरा WhatsApp नंबर हैक हो गया’- संबित पात्रा
संबित पात्रा को जैसे इस बात की भनक लगी उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर मैसेज लिखकर सभी को जानकारी दी की, उनका नंबर इस्तेमाल करते पैसे मांगे जा रह हैं, ऐसे में सतर्क रहे। संबित पात्रा ने एक्स पर साफ लिखा- ‘मेरा वॉट्सऐप नंबर हैक हो गया है। मेरे नंबर से भ्रामक संदेश भेजे जा रहे हैं और पैसे की मांग की जा रही है। ये सभी संदेश फर्जी हैं।’
इसके बाद संबित पात्रा ने ओडिशा पुलिस के अधिकारियों को सूचना दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज या पैसे के अनुरोध पर विश्वास न करें।
हैकर्स ने यूजर्स को क्या-क्या मैसेज भेजे?
कई यूजर्स ने स्क्रीनशॉट शेयर किए। एक यूजर को पहले ‘हैलो, छोटी सी हेल्प चाहिए’ का मैसेज आया। रिप्लाई करने पर हैकर्स ने लिखा- ‘मेरा UPI काम नहीं कर रहा, अर्जेंट 65 हजार की जरूरत है।’ जब अकाउंट नंबर पूछा गया तो 65 हजार का जवाब आया। साथ ही एक QR कोड भेजा गया और पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया। कुछ यूजर्स को अलग-अलग रकम की मांग आई। लेकिन गनीमत रही कि ज्यादातर लोगों ने इसे संदिग्ध समझा और पैसे नहीं भेजे।
कुछ घंटों बाद संबित पात्रा ने दूसरा अपडेट दिया,उन्होंने लिखा कि, ‘पुरी के एसपी और साइबर सेल की मदद से मेरा वॉट्सऐप अकाउंट अब सफलतापूर्वक रिकवर हो गया है। सभी तकनीकी समस्याएं हल हो गई हैं।’ उन्होंने उन लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने सतर्कता बरती। संबित पात्रा ने पुरी साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद से ही पुलिस जांच में जुट गई।