![]()
किशनगंज के सदर थाना क्षेत्र स्थित खगड़ा रेड लाइट एरिया में शनिवार को पुलिस ने बड़ी छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में 22 युवतियों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरासत में ली गई युवतियों में कुछ नाबालिग भी हो सकती हैं। मौके से 2 से 3 युवकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस को इस क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई कमरों की तलाशी ली गई और वहां मौजूद लोगों से गहन पूछताछ की गई। पुलिस अब हिरासत में लिए गए सभी लोगों की पहचान, उम्र और इस धंधे में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। जेल में बंद अपराधी जला रहा रैकेट इस पूरे नेटवर्क के संचालन को लेकर कृष्ण खलीफा का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह पहले से ही जेल में बंद है, लेकिन वहीं से अपने सहयोगियों के माध्यम से कथित तौर पर इस धंधे को चला रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यदि हिरासत में ली गई युवतियों में कोई नाबालिग पाई जाती है, तो संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
Source link