![]()
सीतामढ़ी में गुरुवार की रात सीएसपी संचालक से डेढ़ लाख रुपए लूट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुठभेड़ के बाद एक शूटर को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि कुल पांच बदमाशों को दबोचा गया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार और लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। एसपी अमित रंजन ने बताया कि यह घटना 1 जुलाई को रीगा थाना क्षेत्र में हुई थी, जहां सीएसपी संचालक से 1.50 लाख रुपए लूटे गए थे। इस मामले में रीगा थाना में एफआईआर दर्ज कर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। भागने के दौरान आरोपी ने की फायरिंग तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बीती रात करीब 11 बजे रीगा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने गिरोह के पांच अपराधियों को घेर लिया। एक बदमाश ने मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने हथियार और बाइक किया जब्त गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान फैकन कुमार (सुरेंद्रनगर, थाना परसौनी), फेकन कुमार उर्फ बंटू कुमार (राजोपट्टी, वार्ड-13, थाना नगर), गुड्डू कुमार (मिर्जापुर बलहा, थाना पिपराही, जिला शिवहर), अनिल कुमार (चकमहिला, थाना पुपरी) और कमलेश कुमार (चकमहिला, थाना पुपरी) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, दो कारतूस और परसौनी थाना क्षेत्र से लूटी गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मुख्य आरोपी फैकन कुमार पर परसौनी थाना में लूट और डकैती सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि लूट की शेष राशि की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Source link