![]()
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री रमा निषाद रविवार को औरंगाबाद पहुंची। यहां उन्होंने मदनपुर के बनिया पंचायत में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। रानी कुआं परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री रमा निषाद के साथ जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, डीआरडीए निदेशक डॉ. अनूपम कुमार, वरीय उपसमाहर्ता श्वेता कुमारी, बीडीओ डॉ. अतुल्य कुमार आर्य, सीओ मो. अकबर हुसैन सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गान और राज्य गीत के गायन से हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण भी सुना गया। पौधा और शॉल भेंट कर सम्मानित किया कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने प्रभारी मंत्री रमा निषाद को पौधा और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। वरीय उपसमाहर्ता श्वेता कुमारी ने डीएम को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। बनिया पंचायत की मुखिया सीता देवी को भी जिला पदाधिकारी ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डीआरडीए निदेशक डॉ. अनूपम कुमार ने किया। इस अवसर पर पंचायत सचिव अक्षरा कुमारी ने पंचायत की आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। महिला हितैषी पंचायत थीम पर कार्यक्रम अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों तक सरकारी योजनाओं का फायदा पहुंचाना है। पंचायत विकास दिवस का आयोजन इसी उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही विभिन्न योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में पात्र लोग योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। इस साल पंचायत विकास दिवस की थीम “महिला हितैषी पंचायत” रखी गई है, जिससे महिलाओं को अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। महिलाएं हर क्षेत्र में निभा रही भागीदारी जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का फायदा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और मानसिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। साथ ही उन्हें रोजगार उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी निभा रही हैं और विकास की नई इबारत लिख रही हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, डीपीओ, पीओ योगेंद्र प्रसाद सिंह, बीपीआरओ विनोद कुमार वर्मा, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि पंकज कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य उमेश कुमार यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार पाठक, कांग्रेस नेता संजीव कुमार सिंह, जीविका बीपीएम ममता कुमारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक ललन प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
Source link