![]()
पटना के फतुहा में शनिवार को एक सड़क हादसे के बाद मानवता को शर्मसार कर देने वाली तस्वीर सामने आई। दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर के बाद एक ओर जहां चालक और खलासी गंभीर हालत में जिंदगी की जंग लड़ते रहे। वहीं, दूसरी ओर मौके पर जुटे कुछ लोगों ने घायलों की मदद करने के बजाय ट्रक में लदी कोल्ड ड्रिंक लूटनी शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 7 लाख की कोल्ड ड्रिंक बिखरी, ट्रक मालिक के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से करीब 18 टन कोल्ड ड्रिंक लेकर आ रहा एक ट्रक फतुहा की ओर बढ़ रहा था। कंचनपुर गांव के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरे। मदद करने के बजाए लूटपाट की मची होड़ हादसे के बाद ट्रक में लदी करीब 7 लाख रुपये मूल्य की कोल्ड ड्रिंक की बोतलें सड़क और गड्ढे में बिखर गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे कई लोगों ने घायलों की मदद करने के बजाय कोल्ड ड्रिंक पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया। जिसे जो मिला, बोरी, थैला या हाथ में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लेकर भागने लगे। देखते ही देखते पूरा ट्रक खाली हो गया। चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल इस हादसे में ट्रक ड्राइवर प्रवीण यादव और उसका खलासी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गनीमत रही कि कुछ स्थानीय संवेदनशील लोगों की मदद से दोनों को तुरंत मलबे से निकालकर पास के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर शुरू की पहचान घटना की सूचना मिलने के बाद फतुहा थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को गड्ढे से बाहर निकलवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह बहाल हो सका। फतुहा थाना प्रभारी श्रीमंत सुमन ने बताया, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वायरल वीडियो के आधार पर लूटपाट करने वालों की पहचान की जा रही है।
Source link