![]()
मधुबनी में शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना रहिका थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान टुनी मिश्र टोल निवासी मिथिलेश कुमार मिश्रा के इकलौते बेटे रौशन कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर पोखरौनी–मधुबनी मुख्य सड़क जाम कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही बाइक ने सड़क किनारे चल रहे रौशन कुमार मिश्रा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रौशन कई मीटर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में मधुबनी सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में बाइक चालक भी घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस से चालक की मेडिकल जांच कराने की मांग ग्रामीणों का आरोप है कि बाइक चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मृत्युंजय कुमार मिश्रा ने पुलिस से चालक की मेडिकल जांच कराने और शराब सेवन की पुष्टि करने की मांग की है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्घटना की सूचना दिए जाने के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उनका कहना था कि कई बार फोन करने के बाद डायल-112 और नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुट गई। न्याय दिलाने की मांग पर सड़क किया जाम घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए पोखरौनी–मधुबनी मुख्य सड़क जाम कर दी। सूचना मिलने पर बीडीओ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Source link