![]()
पूर्णिया में मोहर्रम जुलूस के शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में लगभग 9 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यह कटौती शाम 5 बजे से देर रात 2 बजे तक प्रभावी रहेगी। विद्युत विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। विभिन्न पावर सब-स्टेशनों और फीडरों से आवश्यकतानुसार शटडाउन लिया जाएगा, जिससे शहर के बड़े हिस्से में बिजली प्रभावित होगी। शहरी क्षेत्र के सहायक अभियंता रोहित कौशिक ने बताया कि मधुबनी पीएसएस से जुड़े टाउन-4 और टाउन-3 फीडर तथा ग्रिड पीएसएस से संचालित टाउन-1, टाउन-2, टाउन-3 एवं दुर्गाबाड़ी फीडर प्रभावित रहेंगे। इसके अतिरिक्त, लाइनबाजार पीएसएस से संचालित शिव मंदिर फीडर और लाइन बाजार फीडर में भी आवश्यकतानुसार बिजली बंद की जाएगी। शटडाउन के दौरान रामनगर, मधुबनी, पॉलिटेक्निक चौक, काली फ्लोर मिल, दुर्गाबाड़ी, रजनी चौक, उर्दू स्कूल क्षेत्र, भट्टा बाजार, जामा मस्जिद, शिव मंदिर रोड, लाइन बाजार, आरएन साह चौक और जिला स्कूल रोड के आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार, यह कदम मोहर्रम जुलूस के सुरक्षित संचालन को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। जुलूस के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद स्थिति के अनुसार चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। सहायक अभियंता रोहित कौशिक ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय से पहले पानी की व्यवस्था कर लें और मोबाइल सहित अन्य आवश्यक उपकरण चार्ज कर लें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह जनसुरक्षा के हित में लिया गया निर्णय है।
Source link