![]()
रोशन आनंद ने सहरसा के पैतृक गांव धमसेना में अपने छोटे भाई प्रिंस यादव की तेरहवीं पर 500 से अधिक वृद्ध और जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियां वितरित कीं। इस श्रद्धांजलि सभा में मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव और सहरसा विधायक इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता सहित पटना और दिल्ली से पहुंचे कई शिक्षाविद और गणमान्य लोग उपस्थित थे, जिन्होंने प्रिंस यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए रोशन आनंद ने कहा कि उनके छोटे भाई प्रिंस यादव के सपनों को पूरा करना ही अब उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य होगा। उन्होंने घोषणा की कि प्रिंस प्रत्येक मंगलवार को व्रत रखते थे, इसलिए वह स्वयं भी आजीवन मंगलवार का व्रत रखेंगे। धमसेना में भव्य महावीर मंदिर का होगा निर्माण आनंद ने बताया कि प्रिंस की स्मृति में उनके पैतृक गांव धमसेना में एक भव्य महावीर मंदिर का निर्माण कराया जाएगा, जो सभी धर्मों और जातियों के लोगों के लिए खुला रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रिंस समाज सेवा और रक्तदान के प्रति समर्पित थे, इसलिए रक्तदान और सामाजिक सहायता से जुड़े कार्यक्रमों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। अपने भाई की मृत्यु का जिक्र करते हुए रोशन आनंद ने न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रिंस यादव की आत्मा को सच्ची शांति तभी मिलेगी जब उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने बिहार सरकार और न्यायपालिका से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग करते हुए कहा कि वे परिस्थितियों से निराश जरूर हैं, लेकिन टूटे नहीं हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, “हम सिस्टम से भले हारते हुए दिखाई दें, लेकिन हम फिर से मजबूती के साथ खड़े होंगे। हमारे छात्रों का प्यार और समर्थन हमारी सबसे बड़ी ताकत है। सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं हो सकता।” दिल्ली से पहुंचे यूपीएससी शिक्षक संजीव शर्मा ने प्रिंस यादव को मिलनसार और प्रतिभाशाली युवा बताया। उन्होंने उनकी असामयिक मृत्यु को दुखद करार दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायपालिका और सरकार इस मामले में निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों को छुएगी। निष्पक्ष जांच करना सरकार की जिम्मेदारी वहीं सहरसा विधायक इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने कहा कि प्रिंस यादव की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पीड़ित परिवार के साथ वह मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक द्वारा उठाए गए संदेहों का निष्पक्ष जांच के माध्यम से समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है और यही संविधान की भावना भी है। मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि प्रिंस यादव एक होनहार नौजवान थे। उन्होंने राज्य सरकार से मामले की व्यापक जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि नेपाल सरकार से समन्वय स्थापित कर सभी पहलुओं की जांच की जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
Source link