![]()
पश्चिम चंपारण में बुधवार को एक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बेतिया-छपवा मार्ग (एनएच-727) पर सुगौली थाना क्षेत्र के फुलवरिया नवका टोला के समीप ऑटो और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में हुआ। घायलों का इलाज जीएमसीएच में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान बेतिया शहर के नया टोला निवासी शकील खान की पत्नी 30 वर्षीय रुबीना खातून, उनकी ममेरी बहन की 22 वर्षीय पुत्री आयशा खातून, रुबीना के सात वर्षीय पुत्र जयेद खान तथा ऑटो चालक सुगौली के छंगराहा निवासी भैरो राउत के रूप में हुई है। वहीं हादसे में 12 वर्षीय मन्नत प्रवीण, रिफत प्रवीण, चांद खान और पिकअप चालक शंकर शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। देखें, मौके से आई तस्वीरें… सिलसिलेवार पढे़ं, पूरा मामला… सामने से आ रही पिकअप ने ऑटो में मारी टक्कर जानकारी के अनुसार, रुबीना खातून अपने दोनों बच्चों और कुछ रिश्तेदारों के साथ स्कूल की छुट्टी के बाद छपवा-मोतिहारी मार्ग स्थित एक वाटर पार्क जाने के लिए ऑटो से निकली थीं। फुलवरिया नवका टोला के पास पहुंचते ही सामने से आ रही पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायलों को जीएमसीएच पहुंचाया घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तत्काल जीएमसीएच पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की प्रक्रिया जारी है। परिवार मूल रूप से सिवान का रहने वाला इस हादसे ने शकील खान के परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। मूल रूप से सिवान के रहने वाले शकील खान बेतिया के नया टोला स्थित मौला बाबा बाजार के पास किराये के मकान में परिवार के साथ रहते थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए वे करीब सात महीने पहले रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। उनकी अनुपस्थिति में पत्नी रुबीना अपने बच्चों के साथ बेतिया में रह रही थीं। परिजन बोले-अचानक वाटर पार्क जाने का मन बना परिजनों के अनुसार, बुधवार को कुछ रिश्तेदार उनके घर आए हुए थे। सभी ने साथ बैठकर भोजन किया। इसी दौरान स्कूल से लौटे बच्चों ने घूमने जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद अचानक वाटर पार्क जाने का कार्यक्रम बना। परिवार के किसी सदस्य को अंदाजा नहीं था कि खुशी का यह सफर एक भीषण त्रासदी में बदल जाएगा। हादसे के बाद नया टोला समेत पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और लोगों का तांता लगा हुआ है। पिकअप चालक अस्पताल में भर्ती,नशे में होने की चर्चा इधर, गंभीर रूप से घायल पिकअप चालक शंकर शर्मा को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय स्तर पर चालक के नशे में होने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एक पल की खुशी के लिए शुरू हुआ यह सफर कई परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Source link