![]()
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को समीक्षा भवन सभागार में जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और मेले से संबंधित तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान सुल्तानगंज से गुजरने वाला कांवड़िया मार्ग का लगभग 15 से 16 किलोमीटर हिस्सा भागलपुर जिले के अंतर्गत आता है। इस पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। लगातार पुलिस पेट्रोलिंग कराई जाएगी कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए दिन और रात दोनों समय लगातार पुलिस पेट्रोलिंग कराई जाएगी। इसके अलावा गंगा घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और नदी क्षेत्र में भी पुलिस की जल पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर देवघर के लिए प्रस्थान करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले साल मेले के दौरान जिन क्षेत्रों में कुछ कमियां सामने आई थीं, उनकी पहचान कर इस बार सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सौंप दी गई हैं और अधिकांश आवश्यक कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी एसएसपी ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। कांवड़िया पथ, गंगा घाटों और महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कांवड़िया पथ पर साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और विश्राम स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। नंगे पांव चलने वाले श्रद्धालुओं को गर्म सड़क से राहत देने के लिए कई स्थानों पर चूना और सफेद पेंट का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि सड़क की सतह अपेक्षाकृत ठंडी रहे। बैठक में सुल्तानगंज के अलावा जिले के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कहलगांव स्थित बाबा बटेश्वरनाथ मंदिर, भागलपुर शहर के बाबा बूढ़ानाथ मंदिर तथा वज्रनाथ मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है। श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस साल श्रद्धालुओं को पहले से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और मेले का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
Source link