![]()
चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के चांद प्रखंड में तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद जमा खान ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने आपदा राहत योजना के तहत कुल 12 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे। 17 जून को ग्राम लोहदन निवासी बबुआ कुमार के पुत्र सोकिल कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। मंत्री जमा खान ने शनिवार को मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को 4 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। यह राशि आपदा मद से मृतक की माता आरती कुमारी को दी गई। इसके अगले दिन, 18 जून को ग्राम ढेडुआ में बब्लू अली के दो बेटों, 6 वर्षीय रिज़वान अली और 4 वर्षीय ज़ीशान अली की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और दोनों बच्चों की माता आबिदा बीबी को राहत कोष से 8 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस अवसर पर मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
Source link