![]()
दरभंगा जिले में स्वच्छ एवं त्रुटि रहित निर्वाचक सूची तैयार करने को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पात्र महिला मतदाताओं और 18 से 19 वर्ष आयुवर्ग के ऐसे युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा, जिनका नाम अब तक निर्वाचक सूची में शामिल नहीं हो पाया है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, निर्वाचक सूची में महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाना और 18-19 वर्ष आयुवर्ग के अधिकाधिक युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ना, स्वस्थ और संतुलित मतदाता सूची के महत्वपूर्ण मानकों में शामिल है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकेंगे इस उद्देश्य से 20 जून, 21 जून, 27 जून एवं 28 जून 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान सभी BLO अपने-अपने मतदान केंद्रों पर आवश्यक प्रपत्रों के साथ उपस्थित रहेंगे। पात्र आवेदकों से प्रपत्र-6 प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। BLO और अधिकारियों की होगी निगरानी अभियान की निगरानी के लिए सभी BLO सुपरवाइजर अपने आवंटित मतदान केंद्रों का दौरा करेंगे और BLO की उपस्थिति एवं कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही विशेष अभियान के दौरान किए गए कार्यों का प्रतिवेदन निर्धारित व्हाट्सएप ग्रुप में उपलब्ध कराएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बीएलओ अथवा सुपरवाइजर स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। AERO और ERO भी करेंगे निरीक्षण सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) अपने क्षेत्र के कम-से-कम 20 प्रतिशत मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे तथा मतदाता पंजीकरण कार्य का अनुश्रवण करेंगे। वहीं, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) भी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिले की सभी पात्र महिला मतदाताओं और 18-19 वर्ष आयुवर्ग के युवाओं से अपील किया है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
Source link