![]()
नवगछिया में आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर उसके चचेरे जीजा ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान नोनिया पट्टी निवासी राजू मलिक, पिता सुबोध मलिक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजू मलिक रविवार को मखाताकिया घूमने गया था। वहां वह अपने दोस्तों के साथ मौजूद था, तभी उसके चचेरे जीजा भी वहां पहुंच गए। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही बड़े विवाद में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बहस के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। राजू मलिक ने बताया कि विवाद के दौरान उसके चचेरे जीजा ने अचानक चाकू निकाल कर उसके सिर पर वार कर दिया। चाकू लगने से राजू गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों और दोस्तों ने उसे तुरंत अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, युवक के सिर में गहरी चोट लगी है। चिकित्सकों द्वारा उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घायल राजू मलिक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। नवगछिया थाना प्रभारी रविशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस को मामले की सूचना मिल गई है। पीड़ित पक्ष द्वारा आवेदन दिए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Source link