
Roshan Anand Sanatani Hindu: बिहार के चर्चित पटना कोचिंग विवाद में एक नया और बेहद संवेदनशील मोड़ आ गया है। पटना स्थित ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और हिंसक झड़प के मामले में गिरफ्तार ‘ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी’ के संचालक रौशन आनंद (Raushan Sir) सोमवार दोपहर बेउर जेल से जमानत पर रिहा हो गए हैं।
जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद ने मुसल्लहपुर हाट स्थित अपनी कोचिंग में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान वे बेहद भावुक नजर आए और उन्होंने ‘खान सर’ यानी फैजल खान पर अपने भाई की हत्या की साजिश रचने और जेल में खुद को भी मरवाने की कोशिश का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
‘मैं सनातनी हिंदू हूं, सत्य और अहिंसा…’: रौशन आनंद सर
मीडिया के सामने खुद का पक्ष रखते हुए रौशन आनंद ने कहा, “हम सनातनी हिंदू हैं। हमें अपने धर्म में सत्यवादिता और साधुता का पाठ पढ़ाया जाता है और मैं हमेशा सत्य के साथ रहूंगा। हमारे धर्म में किसी को मारना नहीं सिखाया जाता है। हम सत्य और अहिंसा के पुजारी हैं और इसी मार्ग पर आगे बढ़कर अपने भाई के लिए न्याय की लड़ाई लड़ेंगे।”
“जेल के अंदर मुझे भी मारने की हुई कोशिश”
रौशन आनंद ने फैजल खान (खान सर) और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद पर मिलकर एक गहरी साजिश के तहत उनके भाई की जान लेने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जब वे जेल में बंद थे, तभी सोची-समझी रणनीति के तहत उनके भाई प्रिंस यादव की जान ली गई। इसके साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा पर भी गंभीर चिंता जताई। रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि बेउर जेल के अंदर भी एक गार्ड के जरिए उनकी हत्या करने की कोशिश की गई थी।
“फैजल खान का नार्को टेस्ट होना चाहिए”
उन्होंने आगे कहा कि फैजल खान बेहद झूठा इंसान है। पहले वह कह रहा था कि गोली हमने चलवाई, लेकिन वीडियो सामने आने पर साफ हो गया कि गोली उसी ने चलवाई थी। इस सच को सामने लाने के लिए फैजल खान का नार्को टेस्ट होना चाहिए।
रौशन ने आरोप लगाया कि फैजल खान ने उन्हें जेल भिजवाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा, “मैं किसी का नाम तो नहीं ले सकता, लेकिन फैजल को बड़ा राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, चाहे वह सत्ता पक्ष से हो या विपक्ष से। इसी दबाव के चलते पटना पुलिस ने उसे 72 घंटे का समय होने के बाद भी गिरफ्तार नहीं किया।”
उन्होंने दावा किया कि बिहार पुलिस में सबसे ज्यादा चयन ‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ से होता है, जिसके कारण फैजल खान उनसे खुन्नस रखता है। वह पढ़ाने के बजाय षड्यंत्र रचता है और बिहार के छात्रों को इमोशनली ब्लैकमेल करता है।