![]()
मुजफ्फरपुर में रविवार को सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनकी निशानदेही पर बिहटा से एक अन्य परीक्षार्थी को भी पकड़ा गया है। गिरफ्तार अभ्यर्थियों के पास से दो ब्लूटूथ डिवाइस और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा दे रहे भोजपुर जिले के शाहपुर निवासी पंकज कुमार को मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित चैपमैन परीक्षा केंद्र से पकड़ा गया। परीक्षा के दौरान वह बार-बार अपनी बांह को कान के पास ले जा रहा था। उसकी गतिविधि पर वीक्षक को संदेह हुआ। जांच करने पर उसकी बांह पर चिपकाया गया ब्लूटूथ इयर बड्स मिला। पूछताछ में सामने आया पूरा प्लान पकड़े जाने के बाद पंकज ने पुलिस को बताया कि उसका साथी प्रकाश कुमार परीक्षा केंद्र के बाहर रहकर उसे उत्तर बता रहा था। उसने यह भी जानकारी दी कि प्रकाश दूसरी पाली में सिकंदरपुर स्थित राधा देवी केडिया परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस पंकज को साथ लेकर परीक्षा केंद्र पहुंची और वहां से प्रकाश कुमार को भी हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ के दौरान एक और साथी के बारे में जानकारी मिली, जो बिहटा में परीक्षा दे रहा था। मुजफ्फरपुर पुलिस की सूचना पर बिहटा में कार्रवाई दोनों अभ्यर्थियों से मिली जानकारी के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने बिहटा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वहां भी कार्रवाई की गई और तीसरे परीक्षार्थी को पकड़ लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पहली पाली के सवाल, दूसरी पाली में जवाब पूछताछ में दोनों अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने नकल के लिए पहले से पूरी योजना बनाई थी। तय हुआ था कि पहली पाली में पंकज परीक्षा हॉल के अंदर रहेगा और प्रश्न प्रकाश तक पहुंचाएगा। इसके बाद प्रकाश इंटरनेट की मदद से उत्तर खोजकर ब्लूटूथ के जरिए उसे बताएगा। योजना के अनुसार दूसरी पाली में प्रकाश परीक्षा देने जाता और पंकज बाहर रहकर उत्तर उपलब्ध कराता। दोनों इसी तरीके से परीक्षा पास करने की तैयारी में थे। 15 हजार में खरीदा था ब्लूटूथ इयर बड्स सिटी एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी बड़े नकल गिरोह के सक्रिय होने की आशंका थी। हालांकि पूछताछ में मामला तीन अभ्यर्थियों की आपसी सेटिंग का निकला। गिरफ्तार अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने कान के अंदर आसानी से फिट हो जाने वाला ब्लूटूथ इयर बड्स करीब 15 हजार रुपए में खरीदा था। पुलिस अब उन लोगों की तलाश में जुटी है, जो ऐसे उपकरण उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही पटना से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
Source link