
Lalu Yadav Security: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा में कटौती को लेकर राजनीतिक बहस छिड़ी हुई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर हमलावर है। इस बीच RJD सांसद मीसा भारती ने सरकार पर तीखा प्रहार करके हुए कहा कि अगर उनके साथ कुछ अनहोनी हुई तो जिम्मेदार कौन होगा।
दरअसल, हाल ही में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती की गई थी। इसके विरोध में लालू परिवार ने अपनी पूरी सरकारी सुरक्षा वापस करने का फैसला लिया।
‘लालू यादव के साथ अनहोनी हुई तो जिम्मेदार कौन?’
अब सुरक्षा में की गई कटौती का विरोध करते हुए मीसा भारती ने कहा, ‘लालू यादव बिना सुरक्षा के बाहर निकले हैं। वे पिछले 2-3 दिनों से बिना सुरक्षा घेरे के बाहर जा रहे हैं। बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए अगर उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो सरकार को यह तय करना होगा कि इसका जिम्मेदार कौन होगा? क्या मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जिम्मेदारी लेंगे या प्रधानमंत्री मोदी लेंगे?’
‘RJD कार्यकर्ता शिफ्ट के हिसाब से सुरक्षा दे रहे’
उन्होंने आगे कहा, ‘जब से आधिकारिक सुरक्षा हटाई गई है, RJD कार्यकर्ता ही शिफ्ट के हिसाब से सुरक्षा दे रहे हैं। इसके लिए मैं आरजेडी के हर एक कार्यकर्ता का तहे दिल से शुक्रिया अदा करती हूं कि वे निडरता के साथ डटे हुए हैं।’
‘लालू यादव-राबड़ी देवी सुरक्षा के हकदार नहीं?’
मीसा आगे कहती हैं, ‘बिहार में आए दिन जिस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं, तो सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए थी। सरकार सुरक्षा क्यों नहीं दे रही है। मैं सम्राट चौधरी सरकार से बस इतना जानना चाहती हूं कि क्या लालू यादव और राबड़ी देवी सुरक्षा के हकदार नहीं हैं?’
बिना किसी सुरक्षा के सड़कों पर निकले लालू
इससे पहले 10 जून 2026 को भी लालू यादव को बिना सुरक्षा घेरे के सड़कों पर निकलते देखा गया था। वह काले रंग की इनोवा गाड़ी में सफर करते नजर आए। गाड़ी की फ्रंट सीट पर लालू यादव खुद बैठे थे। उनके साथ गाड़ी में ड्राइवर के अलावा दो अन्य लोग भी मौजूद थे। हालांकि, उनके साथ न ही कोई एस्कॉर्ट गाड़ी थी और न ही कोई गनमैन साथ था। इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया, जो देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।
Z प्लस सिक्योरिटी हटाने से नाराज लालू परिवार
बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेृतृत्व वाली एनडीए सरकार ने लालू परिवार के सदस्यों की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया था। लालू यादव और राबड़ी देवी की जेड प्लस सिक्योरिटी खत्म कर दी गई। हालांकि, उन्हें बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा दी गई थी।
इसके विरोध स्वरूप में राबड़ी देवी के पटना में 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर तैनात सरकारी सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया। फिर आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने राबड़ी आवास के सुरक्षा की कमान संभाल ली।