![]()
नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिहार शरीफ-राजगीर फोरलेन पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ है। मलमास मेले की ड्यूटी से लौट रहे दीपनगर थाने के दो सब इंस्पेक्टर बाइक अनियंत्रित होने के कारण गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना दीपनगर बाजार के पास की है। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान दीपनगर थाने में कार्यरत सब इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार और रणधीर कुमार के रूप में की गई है। अस्पताल में उपचाराधीन घायल दरोगा रणधीर कुमार ने घटना के संबंध में बताया कि वे अपने सहकर्मी रविंद्र कुमार के साथ राजगीर मलमास मेला की ड्यूटी समाप्त कर वापस दीपनगर थाना लौट रहे थे। इसी दौरान दीपनगर बाजार के पास अचानक सामने आई एक अन्य मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे जा गिरी। मॉडल अस्पताल में इलाज जारी, एक की हालत नाजुक हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस बल के सहयोग से दोनों घायल दरोगा को आनन-फानन में बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, इस हादसे में सब इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार को गंभीर चोटें आई हैं,जबकि रणधीर कुमार का भी इलाज जारी है। अपने दो साथियों के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। दीपनगर थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में उनके दो सहकर्मी जख्मी हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही थाने के कई पदाधिकारी और पुलिसकर्मी घायल सब-इंस्पेक्टर का कुशल-क्षेम जानने और बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने के लिए लगातार मॉडल अस्पताल पहुंच रहे हैं।
Source link