![]()
किशनगंज में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सीआईबी टीम ने गुरुवार शाम को बड़ी कार्रवाई की। सिलीगुड़ी-कटिहार इंटरसिटी एक्सप्रेस की जनरल बोगी से 29 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान अररिया जिले के मदरगंज वार्ड 13 निवासी 37 वर्षीय सुनील साह के रूप में हुई है। ठाकुरगंज जीआरपी थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि RPF की सीआईबी टीम ट्रेन में नियमित सुरक्षा जांच कर रही थी। इसी दौरान एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। आरोपी जवानों को देखकर बार-बार सीट बदलने लगा और घबराहट में इधर-उधर टहलने लगा। बैग से 29 लीटर विदेशी शराब बरामद शक के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी की तलाशी ली। उसके बैग से विभिन्न ब्रांड की कुल 29 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने शराब तस्करी की बात कबूल की। आरोपी और जब्त शराब को ठाकुरगंज जीआरपी को सौंप दिया गया है। जीआरपी ने आरोपी सुनील साह के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। आरोपी को शुक्रवार को जेल भेजा जाएगा। बंगाल से सस्ती शराब लाकर सीमांचल में करते है तस्करी गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल से बिहार में शराब तस्करी लंबे समय से जारी है। तस्कर बंगाल से सस्ती विदेशी शराब लाकर सवारी ट्रेनों के जरिए ठाकुरगंज, बहादुरगंज होते हुए अररिया सहित सीमांचल के सभी जिलों तक पहुंचाते हैं। इंटरसिटी और कैपिटल जैसी ट्रेनें तस्करों के लिए आसान रास्ता बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई कभी-कभार ही होती है, और ज्यादातर तस्कर भीड़ का फायदा उठाकर निकल जाते हैं। इस कार्रवाई के बाद यात्रियों में भी चर्चा है। जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रेनों में शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।
Source link