![]()
किशनगंज जिले में गुरुवार दोपहर बारिश के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के NH पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में जीजा और साले दोनों की मौत हो गई। घटना रहमानगंज से मुस्लिम चौक के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। मृतकों की पहचान बिशनपुर बाजार निवासी अकबर आलम (उम्र 32 वर्ष) और उसके साले मो. साहिल के रूप में हुई है। अकबर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल साले ने शाम में इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। अकबर आलम ने सुपौल जिले के ठुमका (वार्ड 6) में शादी की थी। वह बुधवार को ही पत्नी को लेकर घर लौटा था। उसके साथ पत्नी का भाई यानी उसका साला भी आया था। गुरुवार को अकबर अपने साले को लेकर बिशनपुर से बहादुरगंज ईंट लेने जा रहा था। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। इसी बीच रहमानगंज के पास ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। दोनों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। लेकिन तब तक अकबर की सांसें थम चुकी थीं। साले को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया,जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भी सड़क से हटाया गया। परिवार का इकलौता कमाने वाला था
एक दिन पहले ही घर में शादी की खुशियां थीं,जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गईं। अकबर अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। दोनों की मौत से इलाके में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तेज रफ्तार और बारिश के कारण फिसलन हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।
Source link