
Malviya Nagar fire: मालवीय नगर अग्निकांड में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले उनके और उनकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हुई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस की टीमें लगातार लवकेश बजाज की तलाश में जुटी हुई थीं और अब कामयाबी मिली है।
मालवीय नगर अग्निकांड में 21 लोगों की मौत होने के बाद दिल्ली पुलिस ने कुछ घंटों बाद होटल के मालिक लवकेश बजाज और अन्य आरोपियों के खिलाफ LoC (लुक आउट सर्कुलर) जारी कर दिया था। LoC करने के बाद पुलिस की टीमें लगातार लवकेश बजाज की तलाश में जुटी हुई थीं। अब खबर आई है कि पहले उन्हें हिरासत में लिया गया और उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
दिल्ली के मालवीय नगर में फ्लोरिश स्टे बीएंडबी होटल में बुधवार सुबह करीब 8:48 बजे लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि मरने वालों में से अधिकतर विदेशी नागरिक थे। इस भयानक घटना में 40 से अधिक लोग झुलस भी गए। इस हादसे में बचाव अभियान के दारौन 10 पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
पीएम से लेकर सीएम तक ने जताया दुख
इस भयानक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तक ने गहरा दुख जताया। पीएम मोदी ने लिखा ‘मालवीय नगर अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं, पीएम मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।’
इस दुखद घटना पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा ‘मालवीय नगर में लगी भीषण आग में लोगों की जान जाने से बहुत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करती हूं।’