![]()
डीएम आनंद शर्मा के निर्देश पर समाहरणालय परिसर स्थित वीसी कक्ष में ‘सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली’ के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अपर समाहर्ता राजेश कुमार और अपर समाहर्ता मुकेश रंजन ने आमजनों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। समाधान के लिए विभागों को निर्देश कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित समस्याओं से राहत दिलाना और प्रशासन तथा जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना था। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनसंवाद के दौरान कई विशिष्ट शिकायतें सामने आईं। झंझारपुर अंचल के बेलाराही वार्ड-11 एवं 12 के महादलित समुदाय के लोगों ने दखल देहानी के तहत पर्चाधारी जमीन की नापी कराकर कब्जा दिलाने की मांग की। आवेदनों पर कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन वहीं, लोहना उत्तरी निवासी बालेश्वर राय ने बासगीत पर्चा निर्गत करने का अनुरोध किया। राजनगर अंचल के गोसाइटोल निवासी रंजीत यादव ने अपनी निजी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई, जबकि अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के गंगद्वार निवासी भोलिया देवी ने सरकारी रास्ते के अतिक्रमण की समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। इनके अतिरिक्त, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कक्षों में उपस्थित होकर लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए। अधिकारियों ने आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया। पारदर्शी तरीके से निपटाएं मामले डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवा मिल सके।
Source link