![]()
पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बकरीद पर्व के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे महोदीपुर पंचायत के खैरवा टोला में छापेमारी कर लगभग दो क्विंटल प्रतिबंधित मांस जब्त किया गया। इस दौरान मौके से चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। मझौलिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमर कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि बकरीद पर्व के अवसर पर प्रतिबंधित मांस की आपूर्ति की तैयारी चल रही है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष अमर कुमार ने स्वयं किया, जिसमें अंचलाधिकारी राजीव रंजन और एफएसएल की टीम भी शामिल थी। पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज पुलिस टीम ने निर्धारित स्थान पर पहुंचकर छापेमारी की तो भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। मौके से मुबारक अंसारी, फैयाज अंसारी, मेराज अंसारी और नसीमा खातून को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपितों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया में चिकित्सीय जांच के बाद शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बरामद प्रतिबंधित मांस का नमूना सुरक्षित रखते हुए, उसे प्रशासन की मौजूदगी में विनष्ट कर दिया गया। पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link