
Gulmarg Ropeway Accident: जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग के गोंडोला में दोपहर करीब 1:20 बजे सूचना मिली कि तकनीकी खराबी के चलते करीब 300 पर्यटक केबल कार केबिन सहित हवा में ही फंस गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना की सूचना मिलते ही तुरंत बचाव अभियान जारी हो गया और करीब 7 घंटे तक अभियान चला, जिसके बाद सभी पर्यटकों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त होने के बाद जम्मू कश्मीर पुलिस ने इसकी जानकारी दी। वहीं, सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) को सराहा।
तकनीकी खराबी के कारण कई केबल कार केबिन पर्यटकों के साथ बीच हवा में फंस। जिसके बाद जम्मू और कश्मीर पुलिस के कहा, कुल 65 केबल कारों में से 62 प्रभावित हुईं, जबकि तीन सेवा में नहीं थीं। इनमें से 52 केबिनों में यात्री मौजूद थे और घटना के समय 10 केबिन खाली थे। इन सभी संचालित रोपवे में करीब 300 पर्यटक फंस गए थे।
इस घटना के बाद अफरा-तफरी से पहले ही प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया। घटना के दौरान लाउडस्पीकर से घोषणा की गई कि वे शांत रहें और चिंता न करें, क्योंकि बचाव कार्य जारी था। वहीं, जीओसी 19 डिवीजन मेजर जनरल मनोज जोशी ने बताया कि यह अभियान दोपहर करीब 2:00 बजे शुरू हुआ और बारिश और ओलावृष्टि सहित चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति में लगभग 6.5 घंटे तक जारी रहा।
करीब 7 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
जम्मू कश्मीर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने कहा जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी को शामिल करते हुए एक व्यापक बचाव अभियान चलाया गया। इस बचाव अभियान में न केवल पुलिस और एसडीआरएफ बल्कि भारतीय सेना की 9 राज राइफल्स (राजपूताना राइफल्स) के अधिकारी और एनडीआरएफ के जवान भी शामिल थे, जो मौके पर पहुंचे थे। सभी ने मिलकर काम करते हुए आज फंसे हुए पर्यटकों को सफलतापूर्वक सुरक्षित निकाल लिया।
रोपवे में फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने NDRF को सराहा। उन्होंने एक्स पर लिखा ‘कश्मीर के गुलमर्ग में केबल कारों में फंसे 300 पर्यटकों को सुरक्षित बचाने के लिए भारत की आपदा राहत बलों को हार्दिक बधाई। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना के जवान, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की आपदा राहत टीमों ने छह घंटे के लंबे अभियान के दौरान 65 केबल कारों में फंसे सभी यात्रियों को बचा लिया। राष्ट्र इन बलों के शौर्य और कौशल को सलाम करता है।’
सीएम उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा?
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुलमर्ग गोंडोला में तकनीकी खराबी आने के बाद फंसे पर्यटकों को सफलतापूर्वक निकालने में शामिल सभी एजेंसियों, बचाव दल और कर्मियों के प्रयासों की सराहना की। वहीं, उन्होंने कहा कि घटना की गहन जांच की जाएगी और छानबीन की जाएगी। किसी भी चूक के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों का निर्धारण किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।’