
Neet Re-Exam: NEET UG री-एग्जाम देने वाले उम्मीदवारों को सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। पंजाब के बाद अब बिहार सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। CM सम्राट चौधरी ने खुद बताया कि नीट की परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के लिए सरकारी बसें फ्री रहेंगी। इससे छात्रों को केंद्र तक पहुंचने में काफी मदद मिलेगी।
मूल रूप से यह परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक की वजह इसे 12 मई को रद्द कर दिया गया। इसके बाद NTA ने 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित कराने का ऐलान किया।
बिहार के CM सम्राट चौधरी ने एक पोस्ट में लिखा, “NEET परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में आवागमन निःशुल्क रहेगा। साथ ही जिला प्रशासन, राज्य के सभी मठ-मंदिरों और गैर-सरकारी संगठनों से आग्रह है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों हेतु पेयजल, सत्तू आदि की व्यवस्था में सहयोग करें।”
परीक्षा के दिन छात्रों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा और उन्हें फ्री में बस में सफर करने का लाभ मिल जाएगा।
इससे पहले पंजाब की भगवंत मान सरकार ने पंजाब में नीट का पेपर देने वाले विद्यार्थियों को भी पंजाब रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर की सुविधा देने का ऐलान किया था। सीएम मान ने कहा था कि बहुत से गरीब छात्र NEET की परीक्षा देते हैं। उनके पास परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए किराए के पैसे भी नहीं होते। जब अरविंद केजरीवाल ने NEET के छात्रों से बात की, तो उन्होंने मदद का अनुरोध किया। NEET की परीक्षा 21 जून को है। इसलिए, पंजाब सरकार ने फैसला किया है कि 20, 21 और 22 जून को NEET की परीक्षा देने वाले सभी छात्रों का किराया पंजाब रोडवेज की सभी बसों में माफ कर दिया जाएगा। अपना एडमिट कार्ड दिखाएं, और आपसे टिकट का कोई पैसा नहीं लिया जाएगा।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा के पेपर लीक मामले में एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसी ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में अब तक कुल 11 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है। CBI के अनुसार, गिरफ्तार की गई आरोपी की पहचान मनीषा संजय हवलदार के रूप में हुई है, जो पुणे, महाराष्ट्र स्थित सेठ हिरालाल सराफ प्रशाला में कार्यरत थीं।