
महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकों के लिए हुए चुनाव के नतीजे धीरे-धीरे आने आने लगे हैं। शुरुआती रुझानों के बाद अब नतीजे भी आने लगे हैं। BMC चुनाव के नतीजों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। कई वार्डों के विजेता घोषित होने के बाद जश्न भी शुरू हो गया है। अब तक नतीजों में महायुति सबसे आगे चल रही है। कोल्हापुर में भाजपा के प्रताप दत्तात्रेय पाटिल ने जीत दर्ज की है। वहीं, धारावी में कांग्रेस की आशा दीपक काले की जीत के बाद कार्यकर्ता जश्न में डूब गए हैं।
देश की सबसे अमीर और सबसे बड़ी नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत ठाणे, पुणे, नासिक, नागपुर, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली जैसे प्रमुख शहरों में मतगणना सुबह 10 बजे से शुरू हुई। जिसके बाद धीरे-धीरे रुझान और कुछ वार्डों के परिणाम स्पष्ट हो रहे हैं। कोल्हापुर में भाजपा के प्रताप दत्तात्रेय पाटिल ने जीत दर्ज कर ली है। वहीं, मनखुर्द इलाके के वार्ड नंबर 135 से भाजपा के नवनाथ बान की जीत पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
कोल्हापुर में बीजेपी की जीत पर जश्न
कोल्हापुर में जीत पर भाजपा के प्रताप दत्तात्रेय पाटिल के समर्थक जश्न मना रहे हैं। अपनी जीत पर उन्होंने कहा,”मैं विकास में विश्वास रखता हूं। इसलिए लोगों ने मुझे चुना। यह मेरा दूसरा कार्यकाल है। मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं, मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरूंगा और उनके लिए काम करूंगा।”
धारावी में कांग्रेस की जीत पर उड़े गुलाल
वहीं, धारावी से कांग्रेस ने भी एक महत्वपूर्ण जीत हासिल की है। कांग्रेस की आशा दीपक काले ने वार्ड नंबर 183 से जीत दर्ज की है। उनकी जीत पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। अपनी जीत पर कांग्रेस की आशा दीपक काले ने कहा, “यह जीत हमारे सांसद वर्षा गायकवाड़ और विधायक ज्योति गायकवाड़ के समर्थन की वजह से मिली है। उनके आशीर्वाद से हमने यह सीट जीती है। यह हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत है।”
BMC में BJP पहली बार बहुमत के करीब पहुंच गई है। अभी तक 227 में से 172 सीटों के रुझान आए हैं जिसमें से 108 पर बीजेपी गठबंधन आगे है। उद्धव शिवसेना गठबंधन 56 सीटों पर चल रहा है। ये शुरुआती नतीजे हैं और मतगणना अभी भी जारी है। कुल मिलाकर महायुति (बीजेपी-शिवसेना शिंदे गुट) आगे चल रही है, जबकि ठाकरे गुट (शिवसेना UBT) और अन्य विपक्षी दल पीछे दिख रहे हैं।